पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में उतरे धनबाद के पत्रकार, रणधीर वर्मा चौक पर दिया धरना
खबर दिखाने पर एफआईआर व हिरासत की कार्रवाई को लेकर पत्रकारों में आक्रोश
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड में पत्रकार अभिषेक भारती के मामले को लेकर पत्रकारों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखने लगा है। धनबाद में शनिवार को धनबाद प्रेस क्लब के पत्रकारों ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। पत्रकारों ने राज्य सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अभिषेक भारती की अविलंब रिहाई, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की।
धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद ने कहा कि अगर सच्चाई दिखाना बगावत है, तो पत्रकार इस बगावत से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह का हमला बेहद निंदनीय है। अगर खबर दिखाने के लिए पत्रकारों पर एफआईआर दर्ज होगी और उन्हें हिरासत में लिया जाएगा, तो समाज के हक की आवाज कौन उठाएगा? राजनेताओं से जवाबदेही कौन मांगेगा?
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों का काम सच्चाई को सामने लाना है, न कि सत्ता के दबाव में चुप रहना। पत्रकार अभिषेक भारती को अविलंब रिहा किया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो। साथ ही पत्रकारों पर हमले और उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए। धरना प्रदर्शन में धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद, वरीय उपाध्यक्ष शशि भूषण राय, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार,उपाध्यक्ष शरद पांडे, प्रतीक पोपट, बलवंत कुमार,अमर कुमार, सचिव मोहन गोप, संजय चौरसिया, राममूर्ति पाठक, चंदन पाल, कार्यकारिणी सदस्य विक्की प्रसाद, रोशन सिन्हा, विपिन रजक, गोपाल प्रसाद, आशीष अम्बष्ट, अमित विश्वकर्मा उर्फ चिंटू, धर्मेंद्र पांडे,अमित सिन्हा, ज्योति राय, बंटी विश्वकर्मा विपिन कुमार, ऐनुल,नीरज कुमार,महेश पासवान, मोहम्मद राजा, गणेश पासवान, प्रीत पांडे, राजेश कुमार, संतोष लाल, प्रीति पांडे
,झरिया प्रेस क्लब के जायसवाल,सन्नी, निरसा से इंद्रदेव प्रसाद एवं अन्य पत्रकार मुख्य रूप से शामिल थे।