सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बेंगाबाद और खंडोली में चला जांच व जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बेंगाबाद और खंडोली में चला जांच व जागरूकता अभियान

स्कूली बसों की भी हुई जांच, हेलमेट-सीटबेल्ट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति चालकों को किया गया जागरूक

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत जिले में यातायात नियमों के अनुपालन और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर शुक्रवार को बेंगाबाद थाना और खंडोली चौक के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, मोटरयान निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी ने संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की हिदायत दी गई।

स्कूली बसों की सुरक्षा व्यवस्था की हुई जांच

अभियान के दौरान स्कूली बसों का भी सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बसों में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, खिड़कियों में सुरक्षा जाली सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की जांच की। बस चालकों को बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी : डीटीओ

इस दौरान वाहन चालकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए हेलमेट और सीटबेल्ट का इस्तेमाल करने के साथ सतर्कता बरतना जरूरी है।

उन्होंने आम लोगों, वाहन चालकों और स्कूली वाहन संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top