शहीद सोबरन सोरेन के संघर्ष और बलिदान को मुख्यमंत्री ने किया नमन, 111 करोड़ की योजनाओं की सौगात

शहीद सोबरन सोरेन के संघर्ष और बलिदान को मुख्यमंत्री ने किया नमन, 111 करोड़ की योजनाओं की सौगात

महिलाओं को हर माह 2500 रुपये सम्मान राशि, गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : हेमंत सोरेन

डीजे न्यूज, रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत ने आदिवासी-मूलवासी समाज में संघर्ष और स्वाभिमान की चेतना जगाई। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ जिस आवाज को दबाने का प्रयास किया गया था, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने नेतृत्व में फिर बुलंद किया। आज युवा पीढ़ी को शहीदों की विरासत और संघर्ष से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

शहादत की चिंगारी से अलग झारखंड राज्य का आंदोलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों के साथ शहीद सोबरन मांझी ने भी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की मिसाल पेश की। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर और संथाल परगना में उठी संघर्ष की छोटी-छोटी चिंगारियां आगे चलकर अलग झारखंड राज्य आंदोलन का आधार बनीं। उन्होंने कहा कि कभी लोग अलग राज्य की मांग करने वालों का मजाक उड़ाते थे, लेकिन आज उन्हीं संघर्षशील परिवारों से निकले लोग राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं।

50 लाख महिलाओं को मिल रही 2500 रुपये की सम्मान राशि

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पहले चरण में राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये सम्मान राशि दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य माताओं और बहनों को आर्थिक मजबूती प्रदान करना है, ताकि वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ गरीबी से बाहर निकल सकें।

अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित करने के लिए संसाधन जुटाने में सरकार को कई बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के राजस्व स्रोतों को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह संघर्ष करके झारखंड अलग राज्य हासिल किया गया, उसी तरह अपने अधिकारों के लिए भी संघर्ष जारी रहेगा। अब झारखंड के लोगों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार राज्यवासियों को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले वर्षों में शहादत दिवस समारोह को और भव्य तरीके से मनाया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, डीआईजी अंजनी कुमार झा, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top