एमएमडीआर संशोधन विधेयक पर विधायक राज सिन्हा ने सदन में सरकार को घेरा, कहा—सिर्फ टैक्स लगाने से नहीं, वैध खनन बढ़ाने से बढ़ेगा राज्य का राजस्व
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के अंतिम दिन केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR Amendment Act, 2026) के विरुद्ध राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत संकल्प पर चर्चा के दौरान सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने सदन में मजबूती से अपनी बात रखते हुए सरकार को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर घेरा।
सिन्हा ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों और राजस्व की चर्चा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और व्यावहारिक समाधान के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने धनबाद सहित राज्य के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हो रही कोयला चोरी एवं अवैध खनन पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे राज्य के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने सीआईएसएफ (CISF) द्वारा सैकड़ों ट्रकों में अवैध कोयला पकड़े जाने तथा दुमका में सर्वेक्षण टीम के जीएम के साथ मारपीट की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अवैध खनन रोकने वाले अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को पर्याप्त संरक्षण मिलना चाहिए। सीआईएसएफ को प्राप्त अधिकारों का प्रभावी उपयोग कर कोयला चोरी पर सख्ती से अंकुश लगाना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि केवल टैक्स और सेस बढ़ाने से राज्य का राजस्व नहीं बढ़ेगा, बल्कि वैध खनन एवं कोयला उत्पादन बढ़ाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने से रॉयल्टी के रूप में राज्य को अधिक राजस्व प्राप्त होगा।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि MMDR संशोधन अधिनियम से झारखंड को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान का स्पष्ट और प्रमाणिक आंकड़ा सदन के सामने रखा जाए तथा इस संबंध में सरकार विस्तृत श्वेत पत्र (White Paper) जारी करे, ताकि जनता और जनप्रतिनिधियों को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि झारखंड के हितों की रक्षा के लिए कोयला चोरी पर रोक, वैध खनन को प्रोत्साहन, उत्पादन में वृद्धि और रॉयल्टी सुनिश्चित करना जरूरी है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय ठोस कार्ययोजना और पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए।
सदन में विधायक राज सिन्हा का स्पष्ट सवाल था कि जब कोयला चोरी रोककर और वैध खनन बढ़ाकर राज्य का राजस्व बढ़ाया जा सकता है, तो केवल अतिरिक्त टैक्स को ही समाधान क्यों माना जा रहा है?