आरटीआई में खुली नगर निगम की कार्रवाई की पोल,आठ जगहों की समस्याएं लंबित

आरटीआई में खुली नगर निगम की कार्रवाई की पोल,आठ जगहों की समस्याएं लंबित

डीजे न्यूज, गिरिडीह: शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम की कार्यशैली पर सिविल सोसाइटी गिरिडीह ने सवाल उठाए हैं। आरटीआई से मिली जानकारी के आधार पर सोसाइटी ने आरोप लगाया कि आठ प्रमुख स्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ने कई मामलों में सिर्फ संबंधित विभागों को पत्र भेजने तक कार्रवाई सीमित रखी है। धरातल पर ठोस समाधान अब भी बाकी है।

सिविल सोसाइटी ने तीन सितंबर को नगर निगम को पत्र देकर शहर के आठ प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात बाधाओं, अतिक्रमण, अव्यवस्थित विद्युत पोल और अन्य समस्याओं को दूर करने की मांग की थी। कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए महासचिव शंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को आरटीआई के तहत सूचना मांगी थी। इसके जवाब में नगर निगम के जन सूचना पदाधिकारी ने 25 नवंबर को कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराया।

जवाब में गांधी चौक, पुरानी नगर पालिका कार्यालय के सामने, कालीबाड़ी-बीबीसी रोड टर्निंग और टावर चौक पर विद्युत पोल हटाने अथवा स्थानांतरित करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजने की जानकारी दी गई है। कालीबाड़ी चंदौरी रोड टर्निंग पर नाली पुनर्स्थापन एवं फल दुकान हटाने, बरगंडा चौक दुर्गा मंडप के बाहर अतिक्रमण हटाने तथा बड़ा चौक पर दुकान से संबंधित कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। वहीं कुएं की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। मुस्लिम बाजार, गद्दी मोहल्ला मोड़ पर हाईमास्ट को तकनीकी कारणों से स्थानांतरित करना संभव नहीं बताया गया है।

सिविल सोसाइटी ने सवाल किया कि विभागीय पत्राचार से आखिर शहरवासियों को राहत कब मिलेगी? संस्था ने नगर आयुक्त से सभी आठ स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने, असुरक्षित कुएं को सुरक्षित बनाने, अतिक्रमण पर रोक लगाने तथा तकनीकी बाधाओं वाले स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

महासचिव शंकर पांडेय ने कहा कि सुरक्षित आवागमन नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा मामला है। प्रशासन केवल पत्राचार कर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर सिविल सोसाइटी उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष मामला उठाने के साथ कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई करेगी। संस्था ने कहा कि शहरवासियों को आश्वासन नहीं, बल्कि वास्तविक समाधान चाहिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top