अब प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए गिरिडीह में बनेगा विशेष निगरानी तंत्र

अब प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए गिरिडीह में बनेगा विशेष निगरानी तंत्र

डीजे न्यूज, गिरिडीह: जिले में मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और प्रवासी श्रमिकों व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत अगले दो माह के भीतर जिले के सभी राजस्व गांवों में प्रवासी श्रमिकों का रजिस्टर तैयार किया जाएगा। इस रजिस्टर का प्रत्येक 15 दिनों में सत्यापन भी होगा। वहीं, मानव तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील गांवा, तिसरी और देवरी प्रखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मानव तस्करी की रोकथाम, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और बाल संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

चौकीदारों को मिलेगी रजिस्टर तैयार करने की जिम्मेवारी

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगले दो महीने में जिले के सभी राजस्व गांवों में प्रवासी श्रमिकों का विस्तृत रजिस्टर तैयार किया जाए। इसके लिए जिला स्तर से संबंधित थानों को निर्धारित प्रारूप में रजिस्टर उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम स्तर पर चौकीदारों को रजिस्टर तैयार करने और उसका नियमित संधारण करने की जिम्मेवारी दी जाएगी। इसमें प्रवासी श्रमिकों का नाम, पता, परिवार का विवरण, प्रवास का स्थान सहित अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज होंगी। प्रत्येक 15 दिनों में इसका सत्यापन किया जाएगा। इस कार्य में पंचायत सचिवों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों का सहयोग लिया जाएगा।

गांवा, तिसरी और देवरी में विशेष निगरानी

मानव तस्करी की रोकथाम के लिए संवेदनशील गांवा, तिसरी एवं देवरी प्रखंडों में विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों पर भी निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। पुलिस एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और सूचना साझा करने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

गांवों में गठित होंगी बाल संरक्षण समितियां

बच्चों को मानव तस्करी और अन्य जोखिमों से बचाने के लिए ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण समितियों का गठन किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय कर्मियों के सहयोग से संवेदनशील परिवारों और जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान की जाएगी। उपायुक्त ने कमजोर एवं संवेदनशील समूहों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

प्रवासी श्रमिकों के सुरक्षित पलायन पर जोर

श्रम विभाग को निर्देश दिया गया कि ऐसे गांवों और पंचायतों की पहचान की जाए, जहां से बड़ी संख्या में श्रमिक दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाते हैं। उनके प्रवास वाले राज्यों एवं कार्यस्थलों से संबंधित जानकारी भी संधारित की जाएगी। प्रवासी श्रमिकों के परिवारों की स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

वन स्टॉप सेंटर और संरक्षण गृहों की भी होगी निगरानी

बैठक में गिरिडीह एवं जमुआ स्थित वन स्टॉप सेंटर के संचालन और रखरखाव की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने महिलाओं एवं पीड़ितों को सभी जरूरी सुविधाएं, कानूनी सहायता और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। संरक्षण गृहों का नियमित निरीक्षण और सामाजिक अंकेक्षण कराने के साथ वहां रह रहे लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण, काउंसलिंग और कौशल विकास प्रशिक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

मानव तस्करी के संभावित खतरों, सुरक्षित प्रवास, बाल संरक्षण और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए संवेदनशील प्रखंडों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। समाज कल्याण, श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को समन्वय बनाकर अभियान संचालित करने की जिम्मेवारी दी गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, एसडीएम धीरेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनीता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1, नजारत उप समाहर्ता, बीडीओ, सीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top