बीसीसीएल के बंद स्कूल भवन में कथित संचालन पर कार्रवाई की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम

बीसीसीएल के बंद स्कूल भवन में कथित संचालन पर कार्रवाई की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र के डुमरा स्थित बंद विद्यालय भवन में कथित रूप से स्कूल चलाने और शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के मानकों की अनदेखी कर बच्चों के नामांकन के लिए प्रचार-प्रसार करने के मामले में संपूर्ण जन जागृति ऑर्गेनाइजेशन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्मार-पत्र सौंपा है। संगठन ने 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई न होने पर रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के प्रतिनिधि जगत महतो ने बताया कि इस संबंध में पहले भी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र-1 के महाप्रबंधक और बाघमारा थाना प्रभारी को संयुक्त शिकायत-पत्र दिया जा चुका है। उनके अनुसार, बंद पड़े बीसीसीएल भवन में बिना वैधानिक अनुमति और निर्धारित शैक्षणिक मानकों को पूरा किए स्कूल का संचालन तथा बच्चों के नामांकन का प्रचार किया जा रहा है। ​उन्होंने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से विद्यालय संचालिका सुनेना देवी व अन्य के खिलाफ बाघमारा थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल उठ रहे हैं। जगत महतो ने सवाल उठाया कि जब भवन बीसीसीएल का है, विद्यालय बंद हो चुका है और प्राथमिकी भी दर्ज है, तो किस मान्यता और अनुमति के आधार पर स्कूल संचालन व नामांकन किया जा रहा है तथा बच्चों के भविष्य और अभिभावकों के भरोसे से खिलवाड़ की जिम्मेदारी कौन लेगा।

​जगत महतो ने स्पष्ट किया कि संगठन लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से जनहित के मुद्दे उठाता रहेगा और बच्चों की शिक्षा व भविष्य से जुड़ी इस लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तय समय में कार्रवाई न होने पर आंदोलन से उत्पन्न किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top