अखिल भारतीय गणित मेला में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के अनमोल मिश्र ने दूसरा स्थान लाकर बढ़ाया गिरिडीह का मान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित गणित मेला-2026 में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के छात्र अनमोल मिश्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे गिरिडीह जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
अखिल भारतीय विद्या भारती की ओर से 21 से 24 नवंबर तक धनबाद स्थित राजकमल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अखिल भारतीय गणित मेला-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के बाल वर्ग में अनमोल मिश्र ने ‘अंकगणित एवं ज्यामिति के क्षेत्र में भारत का योगदान तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनके उपयोग’ विषय पर प्रभावशाली पत्र प्रस्तुतीकरण किया। उनकी प्रस्तुति और विषय की बेहतर समझ ने निर्णायकों को प्रभावित किया। इसके आधार पर उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
अनमोल की इस सफलता पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।