संस्कार और अनुशासन की मिसाल बना सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, अभिभावक ने बच्चों को दिया आशीर्वाद
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में सोमवार को आयोजित वंदना सभा में अभिभावक कृष्ण मुरारी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की झलक देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कृष्ण मुरारी सिंह एवं प्रभारी प्रधानाचार्य अजीत मिश्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं भैया-बहनों ने सामूहिक वंदना प्रस्तुत की।
वरिष्ठ आचार्या पृथा दीदी ने मुख्य अतिथि का आत्मीय परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी प्रधानाचार्य अजीत मिश्र ने अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
अपने संबोधन में कृष्ण मुरारी सिंह ने कहा कि विद्या मंदिर में आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। यहां बच्चों में संस्कार और अनुशासन की जो भावना देखने को मिली, वह सराहनीय है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं कक्षा तृतीय से पंचम तक के भैया-बहन उपस्थित थे।