50 फीट एल्यूमीनियम केबल वायर के साथ एक गिरफ्तार, औजार व बाइक जब्त
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास पुलिस ने शनिवार देर रात चोरी के लगभग 50 फीट एल्यूमीनियम केबल वायर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी वाहन जांच अभियान के दौरान रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई है। पुलिस के हत्थे चढ़ने वाला टंडा बस्ती निवासी प्रताप मिश्रा है। कतरास थानेदार प्रवीण कुमार के नेतृत्व में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा।
पूछताछ के क्रम में उसके द्वारा कतरास लिलौरी स्थान श्मशान घाट के पीछे रेलवे लाइन किनारे स्थित खेत में लगे बिजली के पोल से काला रंग का कोटेड एल्यूमिनियम केबल वायर काटकर चोरी करने की बात बताई गई। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी एवं जांच के दौरान उसके पास से चोरी का लगभग 50 फीट एल्यूमीनियम केबल वायर, हैक्सा आरी फ्रेम, तीन हैक्सा आरी की पत्ती तथा एक इलेक्ट्रिक पेचकस बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। उक्त मोटरसाइकिल का कोई कागजात प्रस्तुत नही किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया जप्त मोटरसाइकिल चोरी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया है।