लीजेंडरी टीचर्स अवार्ड से सम्मानित हुए आइआइटी-आइएसएम के निदेशक, डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने प्रदान किया पुरस्कार 35 वर्षों से अधिक समय से इंजीनियरिंग, रिसर्च, टेक्नोलॉजी और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान

लीजेंडरी टीचर्स अवार्ड से सम्मानित हुए आइआइटी-आइएसएम के निदेशक, डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने प्रदान किया पुरस्कार

35 वर्षों से अधिक समय से इंजीनियरिंग, रिसर्च, टेक्नोलॉजी और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान

डीजे न्यूज, धनबाद: इंजीनियरिंग, रिसर्च, टेक्नोलॉजी और शिक्षा के क्षेत्र में साढ़े तीन दशक से अधिक समय तक उल्लेखनीय योगदान देने वाले आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी लीजेंडरी टीचर्स अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में रविवार को आयोजित फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स (एफडब्ल्यूए) के नौवें वार्षिक कॉन्क्लेव में डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स ने किया था।

सम्मान समारोह में प्रो. मिश्रा के साथ उनकी पत्नी एवं दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष  शकुंतला मिश्रा भी मौजूद थीं। इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रो. मिश्रा को यह सम्मान इंजीनियरिंग रिसर्च, अकादमिक नेतृत्व और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। पावर सिस्टम, पावर क्वालिटी, स्मार्ट ग्रिड टेक्नोलॉजी और रिन्यूएबल एनर्जी उनके प्रमुख रिसर्च क्षेत्र रहे हैं।

उन्होंने अपने अकादमिक करियर की शुरुआत संबलपुर विश्वविद्यालय में लेक्चरर के रूप में की थी, जहां उन्होंने नौ वर्षों तक सेवाएं दीं। इसके बाद वे बीजू पटनायक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में रीडर बने। बाद में आईआईटी दिल्ली से जुड़े और वहां एसोसिएट डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) तथा डीन (रिसर्च एंड एक्सटर्नल एंगेजमेंट), आईआईटी दिल्ली-अबू धाबी कैंपस जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। फिलहाल वे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक के रूप में संस्थान का नेतृत्व कर रहे हैं।

इस सम्मान के साथ प्रो. मिश्रा को हाल के वर्षों में मिले पुरस्कारों की सूची और लंबी हो गई है। उन्हें 15 सितंबर को कटक में ओडिशा इंजीनियर्स फोरम की ओर से इंजीनियरिंग, रिसर्च और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में योगदान के लिए विस्वेश्वरैया अवार्ड 2026 प्रदान किया गया था। इसके अलावा, उन्हें प्रो. शिवाजी चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से एनपीएससी अकादमिक एक्सीलेंस अवार्ड 2026 के लिए भी चुना गया है। यह पुरस्कार 12 दिसंबर को आईआईटी पटना में आयोजित नेशनल पावर सिस्टम्स कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया जाएगा।

प्रो. मिश्रा को वर्ष 2024 में हिंंगोरानी अवार्ड, 2025 में आईईईई फेलोशिप और एशिया-पैसिफिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एसोसिएशन की फेलोशिप भी मिली है। इससे पहले उन्हें आईएनएई आउटस्टैंडिंग टीचर्स अवार्ड, एनएएसआई-रिलायंस प्लेटिनम जुबली अवार्ड, सामंत चंद्रशेखर अवार्ड, आईएनएई यंग इंजीनियर अवार्ड और आईएनएसए मेडल फॉर यंग साइंटिस्ट्स से सम्मानित किया जा चुका है।

प्रो. मिश्रा को मिले इस सम्मान से आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की इंजीनियरिंग शिक्षा, रिसर्च और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान को भी मजबूती मिली है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top