आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया ‘महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण दिवस’

आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया ‘महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण दिवस’

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखण्ड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर रविवार को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण दिवस’ का सफल आयोजन किया गया।  

इस विशेष अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य गतिविधियों पर एक नजर:-

महिला सुरक्षा जागरूकता बैठक: आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और किशोरियों के साथ विशेष जागरूकता बैठकें की गईं, जिसमें उन्हें महिला सुरक्षा और हिंसा से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।

वन स्टॉप सेंटर एवं सहायता सेवाओं की जानकारी: वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधियों के सहयोग से जागरूकता शिविर और सूचना स्टॉल लगाए गए। इसके माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध सहायता सेवाओं और वन स्टॉप सेंटर की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार: संकट की स्थिति में त्वरित मदद के लिए विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

सामाजिक कुरीति निवारण जागरूकता: समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से ‘सामाजिक कुरीति योजना’ से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को प्रेरित किया गया।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं, किशोरियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं संबंधित विभाग के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top