“मां की रसोई” सेवा अभियान में पूर्व विधायक ने की शिरकत, जरूरतमंदों के बीच परोसी खिचड़ी-खीर

“मां की रसोई” सेवा अभियान में पूर्व विधायक ने की शिरकत, जरूरतमंदों के बीच परोसी खिचड़ी-खीर

डीजे न्यूज, धनबाद: रणधीर वर्मा चौक स्थित बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को कनक रेखा ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘मां की रसोई’ के तहत खिचड़ी एवं खीर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह शामिल हुईं। उन्होंने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के बीच अपने हाथों से खिचड़ी और खीर परोसी।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यों ने पूर्णिमा नीरज सिंह का जन्मदिन भी विशेष रूप से मनाया। केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी गई तथा स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।
पूर्णिमा नीरज सिंह ने ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह के नेतृत्व में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना अत्यंत पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि आज अपने जन्मदिन के अवसर पर इस सेवा अभियान का हिस्सा बनकर उन्हें विशेष खुशी हो रही है। ट्रस्ट की ओर से मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में भी ट्रस्ट के सामाजिक एवं सेवा कार्यों में हमेशा सहयोग और सहभागिता निभाती रहेंगी।
ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह ने कहा कि ‘मां की रसोई’ के सेवा अभियान में पूर्णिमा नीरज सिंह की सहभागिता से सदस्यों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्णिमा नीरज सिंह के सहयोग और सहभागिता से ट्रस्ट समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं असहाय वर्गों की सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह, सचिव श्यामसुंदर राय, सुषमा प्रसाद, रोनित सिंह, दीपा राय, मुखलाल यादव, रीता सिंह एवं अमित सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top