पारसनाथ पहाड़ के गांवों में सड़क एवं पुल-पुलियों का होगा निर्माण : रामनिवास यादव 

पारसनाथ पहाड़ के गांवों में सड़क एवं पुल-पुलियों का होगा निर्माण : रामनिवास यादव 

 पीएम जनमन एवं अबुआ आवास योजना के तहत जिले में 355 आवासों में गृह प्रवेश, खुखरा पंचायत में छह लाभुकों को मिला नए घर का सौगात तथा अब तक कुल 1,296 आवासों में गृह प्रवेश 

भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पीरटांड़ के खुखरा पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए उपायुक्त, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त रामनिवास यादव पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत खुखरा पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की तथा ग्रामीणों को संबोधित करते हुए क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान आवास योजनाओं के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। खुखरा पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत छह लाभुकों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। इसके अतिरिक्त, पीएम जनमन आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के तहत आज जिले में कुल 355 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। अब तक कुल 1,296 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। इस पहल के माध्यम से पात्र लाभुकों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके जीवन में सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

इस मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने विशेष रूप से पारसनाथ पहाड़ क्षेत्र के गांवों में सड़क एवं पुल-पुलियों से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहाड़ पर बसे गांवों तक आवागमन की सुविधा सुदृढ़ करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में सड़क निर्माण एवं आधारभूत संरचना के विकास को लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में दो-तीन पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। उपायुक्त ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जो भी समस्याएं शेष हैं, उनके संबंध में अंचल अधिकारी (सीओ) के माध्यम से विधिवत आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों की जरूरतों एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर भी स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से स्थानीय विकास कार्यों में सहयोग करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और विकास कार्यों का लाभ क्षेत्र के लोगों तक सुगमतापूर्वक पहुंच सके। उपायुक्त ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में झारखंड की समृद्ध विरासत, लोक संस्कृति एवं पारंपरिक लोकनृत्यों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं एवं स्थानीय कला को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आमजनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top