झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा की खबरें:-
आवास योजनाओं के लाभुकों को मिल रहा पक्के घर का तोहफा
डीजे न्यूज. धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में 15 से 28 नवंबर तक विशेष अभियान के रूप में ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य आवास योजनाओं के पूर्ण हो चुके घरों में लाभुकों का विधिवत गृह प्रवेश कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन हेतु सुरक्षित छत उपलब्ध कराना है।
इस विशेष सप्ताह के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख आवासीय योजनाओं के अंतर्गत निर्मित आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित योजनाएं शामिल हैं:
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
अबुआ आवास योजना
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN)
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना
अभियान के तहत 15 से 20 नवंबर तक कुल 709 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है।जिला प्रशासन द्वारा शेष आवासों में भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं आवास समन्वयकों को निर्देश दिया गया है कि वे शेष लक्षित आवासों का निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए आगामी 27 नवंबर तक शत-प्रतिशत लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करें।
————————————————–
फुटबॉल एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन
धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित जिला स्तरीय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत शुक्रवार को फुटबॉल एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ भाग लिया तथा अपने खेल कौशल, तकनीकी दक्षता, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें उचित मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाते हुए जिले में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
उक्त प्रतियोगिता का आयोजन 17 नवंबर से 25 नवंबर तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है।
—————————————————–
तोपचांची में भव्य परिसंपत्ति वितरण, रबी कर्मशाला एवं बैंक मेला का आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर, तोपचांची में जिला प्रशासन एवं प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम, प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला सह खेत बचाओ अभियान (2026-27) एवं बैंक मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विधायक, टुंडी विधानसभा क्षेत्र मथुरा प्रसाद महतो ने किया।
विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों को मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
कृषि एवं पशुपालन: प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला के तहत किसानों को उन्नत खेती के गुर सिखाए गए और महिला कृषकों के बीच उन्नत किस्म के रबी फसलों के बीजों का वितरण किया गया। इसके साथ ही, ‘मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना’ के अंतर्गत पशुपालकों को बत्तख चूजा वितरण योजना का लाभ दिया गया।
शिक्षा एवं पोषण: स्कूली छात्राओं के आवागमन को सुगम बनाने हेतु उन्हें साइकिल प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी माताओं एवं बच्चों के पोषण को बढ़ावा देने के लिए विधायक द्वारा शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
प्रशस्ति पत्र व प्रदर्शनी: कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों/लाभुकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। माननीय विधायक ने स्वयं सहायता समूहों एवं कृषि विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
बैंक ऋण एवं वित्तीय सहायता: बैंक मेला के माध्यम से द धनबाद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड (The Dhanbad Central Co-operative Bank Ltd.) द्वारा व्यवसायिक ऋण का प्रतीकात्मक चेक लाभुक को प्रदान किया गया।
अन्य परिसंपत्ति वितरण: इसके अलावा कार्यक्रम में विभिन्न लाभुकों को जन्म तथा मृत्यु प्रमाण पत्र, पीएम जनमन के लाभुक को प्रशस्ति पत्र, अबुआ आवास के लाभुकों को प्रशस्ति पत्र, आपूर्ति विभाग द्वारा लाभुकों को धोती साड़ी का वितरण, जनगणना कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, साहिया कीट का वितरण, टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण, जेएसएलपीएल की दीदीयों को ऋण, स्कूलों को एमडीएम के लिए बर्तन समेत कई अन्य परिसम्पत्तियों का वितरण किया गया।
जनता को संबोधित करते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी, अंचल अधिकारी नीलू टुडू, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, बैंक के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित थे।