अस्पतालों, क्लीनिकों के होर्डिंग-बैनर से डॉक्टरों की तस्वीर हटाने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सिविल सर्जन डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने जिले के सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम तथा क्लीनिकों के प्रबंधकों व संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के होर्डिंग, बैनर और सूचना पट्ट से डॉक्टरों के व्यक्तिगत फोटो हटाने का सख्त निर्देश जारी किया है।
सिविल सर्जन ने बताया कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत प्रचार सामग्री पर डॉक्टर का व्यक्तिगत चित्र प्रदर्शित करना नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे 21 नवंबर को संध्या 06:00 बजे तक अनिवार्य रूप से सभी होर्डिंग, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्रियों से डॉक्टरों की तस्वीरें हटा दें। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के पश्चात सिविल सर्जन कार्यालय की टीम द्वारा औचक निरीक्षण कर होर्डिंग और बैनरों की फोटोग्राफी की जाएगी तथा अनुपालन प्रतिवेदन एमसीआई को भेजा जाएगा। निर्देशों का कड़ाई से पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियम संगत कठोर कार्रवाई की जाएगी।