पंचायत सचिवालयों के आइएसओ कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, मुखियाओं के बीच पंजियों का किया गया वितरण
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय में चयनित आइएसओ पंचायतों के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सचिवालयों को सुदृढ़, व्यवस्थित एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि पिछले एक वर्ष में पंचायतों में बदलाव और कायाकल्प देखने को मिला है। मुखियाओं ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में बेहतर कार्य किया है। चयनित 22 ISO पंचायतों के साथ-साथ जिले की अन्य पंचायतों में भी सराहनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने सभी मुखियाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायतों को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।
उपायुक्त ने कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने आय के स्रोत विकसित करने होंगे। पंचायतें अपना राजस्व स्वयं सृजित करें और आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनें, इस दिशा में मुखियाओं को पहल करनी होगी। इसके लिए मुखियाओं का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा तथा ओरिएंटेशन सत्र के माध्यम से उन्हें पंचायतों में राजस्व सृजन एवं आत्मनिर्भरता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने सभी मुखियाओं को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि पंचायतें सशक्त एवं स्वावलंबी बन सकें।
बैठक के दौरान पंचायत सचिवालयों के कार्यों में पारदर्शिता एवं एकरूपता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण पंजियों का वितरण भी किया गया। इसमें निरीक्षण पंजी, प्रशिक्षण पंजी, शिकायत पंजी तथा चल-अचल संपत्ति पंजी शामिल हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पंजियों का नियमित रूप से अद्यतन एवं सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करें, ताकि पंचायत सचिवालयों के कार्यों का उचित रिकॉर्ड उपलब्ध रहे और कार्यों की निगरानी बेहतर तरीके से हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीपीएम पंचायत, पीएमयू की टीम एवं चयनित 22 ISO पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।