रात को हाथी आ जाए तो क्या करेंगे? टुंडी के 9 गांवों को मिला इसका जवाब, अब हर घर में जलेगी मशाल

रात को हाथी आ जाए तो क्या करेंगे? टुंडी के 9 गांवों को मिला इसका जवाब, अब हर घर में जलेगी मशाल

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : सोचिए, रात के अंधेरे में आप सो रहे हों और अचानक गांव में हाथियों का झुंड आ जाए… तब क्या करेंगे? यही डर टुंडी के कई गांवों के लोगों को हर रात सताता है। इसी डर को दूर करने के लिए आज टुंडी में एक बड़ी पहल शुरू हुई। धनबाद वन प्रमंडल अंतर्गत टुंडी वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर में गुरुवार को मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम और जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेताभ सुमन, निवर्तमान वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, सहायक वन संरक्षक संजीव कुमार रवि सहित बीडीओ, सीओ, पंचायत प्रतिनिधि, वन प्रबंधन समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

9 गांवों में बांटे गए टॉर्च-मशाल

कार्यक्रम में हाथी प्रभावित नौ पंचायतों-बेंगनारिया, मरीचो, जीतपुर, मनियाडीह, फतेहपुर, जाताखूटी, कोल्हार, मछियारा तथा पूर्णाडीह के ग्रामीणों और वन प्रबंधन समितियों के सदस्यों को टॉर्च और मशाल दिए गए। ताकि रात में हाथी दिखे तो लोग सतर्क रहें, एक-दूसरे को खबर कर सकें और खुद को सुरक्षित रख सकें।

विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि मानव-हाथी द्वंद्व इस क्षेत्र की गंभीर समस्या है। वन विभाग, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा। ग्रामीणों की सुरक्षा सबसे पहले है, प्रभावित परिवारों को समय पर मदद मिलनी चाहिए।

डीसी बोले – जंगल बचेगा तो हाथी गांव नहीं आएगा

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जंगल घटने की वजह से ही हाथी गांव की ओर आ रहे हैं। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिया कि जंगल में ही महुआ और बांस के पौधे लगाए जाएं, ताकि हाथियों को जंगल में ही भोजन मिले। साथ ही वन्यजीवों के लिए चेकडैम और जल स्रोत भी बनाए जाएं, ताकि पानी के लिए हाथी गांव न आएं।उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि गांव वालों के सहयोग के बिना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम समितियों को जागरूकता अभियान में आगे आना होगा।वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेताभ सुमन ने ग्रामीणों से अपील की – हाथियों को न छेड़ें, उनके रास्ते में बाधा न डालें, हाथी दिखे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। विभाग ग्रामीणों और हाथियों दोनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।निवर्तमान वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल ने कहा कि इंसान और वन्यजीवों को साथ-साथ जीना सीखना होगा। जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम का मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सहायक वन संरक्षक संजीव कुमार रवि ने किया। अंत में सभी ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने और जागरूकता संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top