सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन सख्त, ओवरस्पीडिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, शहरी परिवहन और वाहन जांच अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने पर जोर दिया। साथ ही अधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों में हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा संसाधन लगाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त ने लंबित हिट एंड रन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित एवं विशेष वाहन जांच अभियान चलाने और ओवरस्पीडिंग, अवैध परिवहन तथा बिना निबंधन के संचालित वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को भी नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।