अफीम की खेती और नशे के कारोबार पर प्रशासन सख्त, संलिप्त लोगों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और अफीम की खेती पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक हुई। इसमें नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन, तस्करी और अवैध उपयोग पर लगातार निगरानी रखें। जिन क्षेत्रों में अफीम की खेती की सूचना मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए फसल को नष्ट किया जाए। साथ ही खेती में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने औषधि निरीक्षक को नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री और वितरण से संबंधित अभिलेखों की नियमित जांच एवं रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाएं चिकित्सक की वैध पर्ची की जांच के बाद ही दी जाएं। इसके अलावा झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में नशीली दवाओं की लत, जिले में मादक पदार्थों के प्रभाव वाले क्षेत्रों, नशे के उपयोग के प्रमुख केंद्रों तथा इस समस्या से निपटने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, औषधि निरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।