विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा, क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन

विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा, क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गुरुवार को धनबाद जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता, बौद्धिक विकास और राज्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष प्रार्थना सभा, क्विज (प्रश्नोत्तरी) एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों को झारखंड राज्य के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्थापना दिवस के महत्व से अवगत कराया गया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने राज्य की विभूतियों व महापुरुषों के चित्र, पर्यावरण संरक्षण, राज्य के दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों तथा पारंपरिक जनजातीय कला जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कैनवास पर उकेरा। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राज्य के इतिहास, भूगोल, कला-संस्कृति और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।

इन प्रतियोगिताओं में जिले के विद्यालयों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड की समृद्ध विरासत, कला-संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और राज्य के विकास की संभावनाओं से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top