संशोधित प्रारूप के अनुरूप प्रतिवेदन तैयार करने की दी गई जानकारी
डीजे न्यूज, धनबाद: कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल के राजभाषा विभाग द्वारा गुरुवार को राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग एवं संशोधित तिमाही प्रगति प्रतिवेदन के प्रारूप पर एक दिवसीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मियों, राजभाषा प्रभारियों, नोडल हिंदी अधिकारियों एवं हिंदी कैडर के कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान राजभाषा नीति, राजभाषा अधिनियम, 1963, धारा 3(3) के अनुपालन तथा तिमाही प्रगति प्रतिवेदन के नवीनतम प्रारूप में किए गए संशोधनों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान संशोधित प्रारूप के अनुरूप प्रतिवेदन तैयार करने, हिंदी में पत्राचार एवं टिप्पण लेखन तथा राजभाषा संबंधी निर्धारित प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ-साथ प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य राजभाषा संबंधी कार्यों में एकरूपता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ बीसीसीएल में हिंदी के प्रगामी प्रयोग को और प्रभावी बनाना रहा।