बाल दिवस पर सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षकों ने शानदार प्रस्तुतियों से मोहा मन

बाल दिवस पर सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षकों ने शानदार प्रस्तुतियों से मोहा मन

रंगारंग कार्यक्रमों, नृत्य और मनोरंजक खेलों के बीच बच्चों ने मनाया बाल दिवस का उत्सव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल परिसर में शुक्रवार को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन कर दिन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा अनूठे अंदाज में की गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की भूमिका निभाते हुए सुबह की प्रार्थना सभा का संचालन किया। इस दौरान समाचार वाचन, आज का विचार और प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए गए। इसके बाद शिक्षकों ने देशभक्ति और बॉलीवुड गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सामाजिक विज्ञान के शिक्षक शिवम पांडे द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रस्तुत मोनोलॉग रहा। वहीं, शिक्षक शुभम राणा ने अपने शानदार नृत्य से खूब तालियां बटोरीं। कक्षा चार तक के बच्चों को मिसमैच ड्रेस थीम के तहत आमंत्रित किया गया था। रंग-बिरंगी और अलग-अलग वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। लोअर प्राइमरी की शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों के लिए कई खेलों का भी आयोजन किया गया।

समारोह के समापन पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों को स्वादिष्ट स्नैक्स और आकर्षक उपहार दिए गए।

मौके पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके चेहरों की मुस्कान ही विद्यालय परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं, निदेशिका रमनप्रीत कौर ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को तनावमुक्त वातावरण में शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top