झारखण्ड स्थापना दिवस: रन फार क्लीनलिनेस कल, रणधीर वर्मा चौक से बेकार बाँध तालाब तक दौड़ेंगे अधिकारी-खिलाड़ी और छात्र

झारखण्ड स्थापना दिवस: रन फार क्लीनलिनेस कल, रणधीर वर्मा चौक से बेकार बाँध तालाब तक दौड़ेंगे अधिकारी-खिलाड़ी और छात्र

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखण्ड स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर रविवार को आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरे धनबाद जिले में ‘Run For Cleanliness’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम जिला, प्रखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होगा।

जिला स्तर में नगर निगम क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन नगर आयुक्त, धनबाद नगर निगम के नेतृत्व में किया जाएगा। इसके तहत प्रातः 7:00 बजे सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी, विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी तथा उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों के छात्र-छात्राएं रणधीर वर्मा चौक पर एकत्रित होंगे। वहां से सभी प्रतिभागी पैदल दौड़ते हुए बेकार बाँध तालाब तक पहुंचेंगे, जहाँ तालाब परिसर की सामूहिक साफ-सफाई के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों एवं स्थानीय मुखिया के समन्वय से प्रखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के प्रमुख छठ घाटों को चिन्हित किया गया है, जहाँ दौड़ के उपरांत घाटों की विशेष सफाई की जाएगी।

उपायुक्त आदित्य रंजन द्वारा सभी जिला स्तरीय कार्यालय प्रधानों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने समस्त धनबादवासियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर अपने शहर और गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top