झारखंड स्थापना दिवस: स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का होगा आयोजन

झारखंड स्थापना दिवस: स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का होगा आयोजन

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस को लेकर शुक्रवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर जिले में 15 एवं 17 नवंबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 15 नवंबर को जिला, प्रखंड एवं पंचायत मुख्यालयों से नजदीकी छठ घाट तक ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन होगा, जिसके बाद घाटों की सफाई की जाएगी। वहीं, 17 नवंबर को छठ पूजा के उपरांत विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

18 नवंबर को जिले के प्रसिद्ध चित्रकारों के लिए माइनिंग टूर का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत खनन विषय पर तैयार की गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी रवीन्द्र भवन में लगाई जाएगी। वहीं, 17 से 22 नवंबर तक खेल स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त 8-लेन सड़क पर बिनोद बिहारी महतो चौक से 10 किलोमीटर का ट्रायथलॉन आयोजित किया जाएगा, जिसमें साइकिलिंग, रनिंग एवं हर्डल रेस शामिल होंगे।

17 से 25 नवंबर तक जिले के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शैक्षणिक गतिविधियों के तहत सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्गों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं, महाविद्यालयों में वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। इसका अंतिम मुकाबला समाहरणालय सभागार में आयोजित किया जाएगा। विजेता टीम राज्य स्तरीय समारोह में धनबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

इसके अलावा मंईयां सम्मान योजना से आच्छादित लगभग 40 उद्यमी महिलाओं को चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा। इनमें से तीन उत्कृष्ट महिलाओं का चयन राज्य स्तरीय मेले में भाग लेने के लिए किया जाएगा। साथ ही झारखंड के आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

जिले की विशिष्ट पहचान एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन डेस्टिनेशन एवं वन डिस्ट्रिक्ट वन इकोनॉमिक एक्टिविटी के तहत विशेष ऑडियो-विजुअल डॉक्यूमेंट्री एवं लघु फिल्मों का निर्माण किया जाएगा। इसमें जिले के प्रमुख कोयला एवं कोक की विशेषताओं व उपयोगिता, धार्मिक पर्यटन स्थल लिलोरी स्थान तथा जिले की खनन गतिविधियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

समारोह के अवसर पर विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं आधारभूत संरचनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। इनमें श्रमिक सम्मान चौक, सदर अस्पताल का मॉड्यूलर ओटी, एसएनएमसीएच का मुख्य द्वार, नवीनीकृत सर्किट हाउस, अपर समाहर्ता का कार्यालय कक्ष, खेलो धनबाद’ पोर्टल प्रशिक्षण हॉल एवं एसएसएलएनटी में नवनिर्मित वार्ड शामिल हैं।

इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच नियुक्ति पत्र, सदर अस्पताल एवं एसएनएमसीएच के लिए मेडिकल उपकरण, पोषण पोटली, पशुधन एवं मत्स्य योजना की परिसंपत्तियां, सीएससी के लिए डिजिटल आईडी तथा वन समितियों के बीच टॉर्च एवं अन्य परिसंपत्ति का वितरण किया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य जिलेवासियों की सहभागिता के साथ स्थापना दिवस एवं सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर को उत्सव के रूप में मनाना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाना है।

जिला प्रशासन ने जिले के समस्त नागरिकों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, नगर आयुक्त  आशीष गंगवार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविंद कुमार ओझा, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन समेत अन्य पदाधिकारी एवं जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top