चक्रधरपुर स्टेशन पर पैर फिसलने से ट्रेन से गिरी महिला, मौत
विजयवाड़ा से लौट रही थी दूधिया की मृतका
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के दूधिया निवासी चंदना सहिस (38 वर्ष) की मौत शुक्रवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर हो ग ई। वह विजयवाड़ा से ट्रेन से अपने गांव लौट रही थी। इसी क्रम में चक्रधरपुर स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गाड़ी के चपेट में आ गई।
जख्मी हालत में उसे इलाज हेतु जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने चिकित्सीय जांचोंपरांत मृत घोषित कर दिया। मृतका दो माह पूर्व एक महिला समूह के साथ मजदूरी करने विजयवाड़ा गई थी। वहां वह कपड़ा सूत बनाने वाली फैक्ट्री में समूह की अन्य महिलाओं के साथ काम करती थी। मृतका विजयवाड़ा से अपनी छोटी बहन प्रतिमा सहिस के साथ लौट रही थी। मृतका प्रदीप सहिस की पत्नी थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के परिवार में पति के अलावा 16 वर्षीय पुत्री एवं 13 वर्ष का पुत्र है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना पाकर दूधिया से उनके परिजन जमशेदपुर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम के बाद शव को बलियापुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया रफीक अंसारी समेत गांव के अनेक लोग मृतका के घर जाकर शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाने में जुटे हैं।