गिरिडीह स्टेशन पर तिरंगे की गरिमा से खिलवाड़! हर 10-15 दिन में फट रहा राष्ट्रीय ध्वज, रेलवे बोर्ड से कार्रवाई की मांग
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज के बार-बार क्षतिग्रस्त होने का मामला अब रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया है। हर 10 से 15 दिनों में तिरंगे के फटने की शिकायत ने रेल प्रशासन की व्यवस्था और राष्ट्रीय ध्वज के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के जागरूक नागरिक सुनील कुमार खंडेलवाल ने इस मामले में रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है।
खंडेलवाल की शिकायत को रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (पब्लिक ग्रीवांस) रत्नेश कुमार झा के पास आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। इससे पहले उन्होंने 3 नवंबर 2026 को CPGRAMS पोर्टल पर शिकायत संख्या MORLY/E/2026/0060717 दर्ज कराई थी। इसके जवाब में पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 12 नवंबर को पत्र जारी कर स्टेशन पर नया राष्ट्रीय ध्वज लगाने की जानकारी दी थी।
हैरानी की बात यह है कि रेल प्रशासन की ओर से ध्वज बदले जाने की सूचना मिलने के दिन ही खंडेलवाल ने स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण किया तो नया लगाया गया तिरंगा भी ऊपरी हिस्से में क्षतिग्रस्त मिला। इससे रेलवे की व्यवस्था, ध्वज की गुणवत्ता और नियमित निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
खंडेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, स्वतंत्रता, गौरव और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। इसकी गरिमा से जुड़ी लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर बार शिकायत के बाद ही रेलवे प्रशासन की नींद क्यों खुलती है? क्या राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की रक्षा के लिए नागरिकों को बार-बार शिकायत और अनुस्मारक देना पड़ेगा?
उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त तिरंगे को तत्काल हटाकर निर्धारित मानकों के अनुरूप नया ध्वज लगाया जाए। साथ ही बार-बार ध्वज क्षतिग्रस्त होने के कारणों की तकनीकी और प्रशासनिक जांच कराई जाए। ध्वज के कपड़े की गुणवत्ता, खंभे, रस्सी और फहराने की पूरी व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
उन्होंने नियमित निरीक्षण और रखरखाव की स्थायी व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य महज बार-बार तिरंगा बदलवाना नहीं, बल्कि उस व्यवस्था में सुधार कराना है, जिसके कारण राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बार-बार आहत हो रही है। उन्होंने रेलवे बोर्ड से आग्रह किया कि इस मामले को सामान्य शिकायत मानकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े गंभीर विषय के रूप में लेते हुए निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उनका कहना है कि तिरंगे का सम्मान पूरे राष्ट्र का सम्मान है। इसकी गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक सरकारी संस्थान का नैतिक और राष्ट्रीय दायित्व है।