राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें, छठ पूजा पर एनएचएआई ने की यात्रियों से अपील
डीजे न्यूज, रांची: छठ महापर्व के पावन अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजरने वाले सभी वाहन चालकों एवं यात्रियों से सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है। त्योहार के दौरान आवागमन बढ़ने की संभावना को देखते हुए NHAI ने यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।
NHAI ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।
इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन रोकने अथवा सड़क किनारे असुरक्षित तरीके से पार्किंग करने से बचें। विशेष रूप से छठ घाटों की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
क्षेत्रीय अधिकारी, NHAI, रांची संतोष कुमार आर्य ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान NH पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सभी वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जाती है। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की स्थिति की जांच अवश्य करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, नशे की हालत में ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें।
आर्य ने कहा कि छठ घाटों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।प्रातःकालीन अर्घ्य के समय कोहरे और कम रोशनी को देखते हुए वाहन की गति नियंत्रित रखें और लाइट का समुचित उपयोग करें। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क न करें। किसी भी दुर्घटना, वाहन खराब होने या अन्य आपात स्थिति में NHAI की 24×7 राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 पर संपर्क करें। हमारा प्रयास है कि बेहतर राजमार्ग सुविधाओं, सतर्कता और यात्रियों के सहयोग से हर व्यक्ति की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक हो। त्योहार की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हम सभी सुरक्षित रूप से अपने घर और गंतव्य तक पहुंचें।
NHAI ने यात्रियों से किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित समस्या की सूचना हेल्पलाइन नंबर 1033 पर देने की अपील की है।