आस्था और उल्लास के संग निकली भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा, महिलाओं की भागीदारी रही खास

आस्था और उल्लास के संग निकली भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा, महिलाओं की भागीदारी रही खास

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भगवान चित्रगुप्त पूजा की पूर्व संध्या पर मंगलवार को गिरिडीह में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। केंद्रीय चित्रगुप्त महापरिवार पूजा समिति के तत्वावधान में भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जय चित्रगुप्त के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में चित्रांश परिवार के महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

शोभायात्रा की शुरुआत झंडा मैदान से हुई। इससे पूर्व पुराने जेल परिसर स्थित भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालुओं का कारवां आगे बढ़ा। शोभायात्रा जेपी चौक, कालीबाड़ी चौक, मकतपुर चौक, बरगंडा चौक और महाराज जरासंध चौक होते हुए विवाह भवन पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर समाज के लोग भक्ति गीतों की धुन पर झूमते और भगवान चित्रगुप्त का जयकारा लगाते नजर आए।

इस अवसर पर केंद्रीय चित्रगुप्त महापरिवार पूजा समिति की संयोजक मंडली के चुन्नू कांत, प्रकाश सहाय, अजय सिन्हा मंटू, कृष्णा प्रसाद, पीके दत्ता, सतीश कुंदन, नवीन सिन्हा, विकास सिन्हा, शिवेंद्र सिन्हा, चंद्रमोहन प्रसाद, अभिषेक सहाय, मृणाल सिन्हा, पूनम सहाय, तनुजा सहाय, डॉ. पुष्पा सिन्हा, राजेश सिन्हा, संजीव नाथ धुल्लू, टिंकू, नीलू सिन्हा, अलोक सिन्हा, धीरज सिन्हा, प्रदीप जमुआर और जयशंकर सिन्हा सिंकु समेत समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

शोभायात्रा में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी विशेष आकर्षण रही। चित्रांश परिवार की महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपने आराध्य देव की शोभायात्रा में हिस्सा लिया। समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा ने शहर में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top