विष्णुगढ़ के प्रवासी मजदूर की बुर्किना फासो में मौत

विष्णुगढ़ के प्रवासी मजदूर की बुर्किना फासो में मौत

विदेश में ट्रांसमिशन लाइन पर काम करने के दौरान हुई सुरेश सिंह की मौत
परिजनों ने शव वापसी और मुआवजे के लिए सरकार से लगाई गुहार

डीजे न्यूज, हजारीबाग : परिवार की खुशहाली और बच्चों के सुनहरे भविष्य की खातिर सात समंदर पार कमाने गए झारखंड के एक प्रवासी मजदूर की दर्दनाक मौत ने पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया है। पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में हुए हादसे में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित कुसुम्बा गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिंह की जान चली गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कुसुम्बा गांव निवासी कारु सिंह के पुत्र सुरेश सिंह की 5 नवंबर 2026 को बुर्किना फासो में ट्रांसमिशन लाइन पर काम करने के दौरान हादसे में मौत हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का सपना लेकर वह विदेश में मजदूरी कर रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस पिता के लौटने का परिवार इंतजार कर रहा था, अब उसी के पार्थिव शरीर की घर वापसी के लिए परिजन सरकार से गुहार लगा रहे हैं।

पत्नी, तीन बच्चों और बुजुर्ग मां पर टूटा दुखों का पहाड़

सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी संजू देवी, 20 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार सिंह, 15 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार, 11 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी और बुजुर्ग मां बसंती देवी को छोड़ गए हैं। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की असमय मौत से पत्नी और बच्चों के सामने रोजी-रोटी से लेकर पढ़ाई और भविष्य तक का संकट खड़ा हो गया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के साथ ही बुजुर्ग मां का सहारा भी छिन गया है।

विदेश में फंसा शव, सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

सुरेश सिंह की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनका पार्थिव शरीर बुर्किना फासो से पैतृक गांव लाने की है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए विदेश से शव लाने की प्रक्रिया और खर्च वहन करना संभव नहीं है। परिजनों ने झारखंड सरकार, विदेश मंत्रालय, प्रवासी नियंत्रण कक्ष और संबंधित कंपनी से तत्काल पहल कर पार्थिव शरीर को भारत लाने तथा मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

समाजसेवी सिकन्दर अली ने परिवार को दिया भरोसा

घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हितों के लिए लगातार आवाज उठाने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कंपनी से जल्द से जल्द पार्थिव शरीर भारत भेजने, हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी परिजनों को देने तथा मृतक के आश्रितों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही प्रशासन से भी मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

सुरेश सिंह की मौत ने एक बार फिर झारखंड के प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके परिवारों के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेहतर रोजगार और परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए हजारों मजदूर विदेशों का रुख करते हैं, लेकिन किसी हादसे में उनकी मौत के बाद परिवार को अपनों के पार्थिव शरीर की वापसी और मुआवजे के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।

अब जरूरत है कि सरकार विदेशों में काम कर रहे झारखंड के मजदूरों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करे। दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सरकारी सहायता, बीमा, उचित मुआवजा और मृतक के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी परिवार को अपनों को खोने के बाद आर्थिक संकट से भी न जूझना पड़े।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top