बड़बाद के जंगल में पलास के पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के बड़बाद स्थित वीरबांध टोला के जंगल में सोमवार की शाम लगभग 6 बजे एक अज्ञात युवती का शव पलास के पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि फिलहाल मृत युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस युवती की पहचान करने के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।