गिरिडीह में काली पूजा की धूम, भव्य पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गिरिडीह में काली पूजा की धूम, भव्य पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मकतपुर से बरगंडा और अकदोनी तक भक्तिमय माहौल, अकदोनी में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भोग

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह शहरी क्षेत्र में रविवार की रात मां काली की पूजा पूरे भक्तिभाव और धूमधाम के साथ संपन्न हुई। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में मां काली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य पंडाल और मां काली की मनमोहक प्रतिमाओं ने भक्तों का मन मोह लिया। देर रात तक पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।

मकतपुर स्थित बंगला स्कूल परिसर में रवींद्र ग्रंथागार की ओर से आयोजित काली पूजा का आकर्षण देखते ही बना। यहां बनाए गए भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पंडाल और प्रतिमा के साथ तस्वीरें लेने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। पूजा परिसर में मेला भी लगाया गया था, जहां देर रात तक लोगों ने खरीदारी और मनोरंजन का आनंद उठाया।

इसके अलावा बरमसिया, श्मशान घाट, न्यू बरगंडा स्थित रुद्र प्रिय नवयुवक संघ समिति, बरगंडा सार्वजनिक काली कुटिया मंदिर, आदि काली मंडा बरमसिया, रक्षित हाउस, बनियाडीह दुर्गा मंडप और अकदोनी काली मंदिर सहित पपरवाटांड़ समेत अन्य स्थानों पर भी विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की गई। रविवार देर रात पूजा संपन्न होने के बाद सोमवार सुबह विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

पंडित शिव शंकर मिश्र ने बताया कि देवी दुर्गा की दस महाविद्याओं में मां काली का प्रमुख स्थान है। उन्हें शक्ति का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि मां काली की आराधना से भय और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। तंत्र साधकों के बीच महाकाली की साधना विशेष प्रभावशाली मानी जाती है। उनकी उपासना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

अकदोनी में भोग प्रसाद के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सार्वजनिक काली पूजा समिति अकदोनीखुर्द की ओर से रविवार मध्यरात्रि में मां काली की पूजा-अर्चना की गई। सोमवार दोपहर 12 बजे से भोग प्रसाद का वितरण शुरू हुआ। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजकों के अनुसार, एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भोग प्रसाद ग्रहण किया। समिति के आयोजक बबलू सरकार ने बताया कि मां काली की प्रतिमा का विसर्जन मंगलवार को किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top