गिरिडीह से चोरी कर बिहार पहुंचाई गई स्कॉर्पियो, पुलिस ने नेपाल सीमा के पास दबोची
तेलोडीह से 2 नवंबर को हुई थी वाहन की चोरी, पूर्वी चंपारण के नारायण टोला में छापेमारी कर पुलिस ने गाड़ी की बरामद
डीजे न्यूज, गिरिडीह : वाहन चोरों ने गिरिडीह से स्कॉर्पियो चोरी कर उसे बिहार के रास्ते नेपाल सीमा तक पहुंचा दिया था, लेकिन गिरिडीह पुलिस की सक्रियता से उनकी योजना पर पानी फिर गया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में छापेमारी कर चोरी की गई स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 बरामद कर ली। हालांकि, चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह गांव से काले रंग की स्कॉर्पियो चोरी हो गई थी। इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 113/26 के तहत धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
चोरी गए वाहन का सुराग पाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के झरोखर थाना क्षेत्र स्थित नारायण टोला पहुंची। यह इलाका नेपाल बॉर्डर के समीप है। यहां छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो बरामद कर ली।
बरामद स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FL 8863 है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। अब पुलिस चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस टीम में ये थे शामिल
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, सोनू कुमार वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रंजीत पिंगुवा, पचंबा थाना रिजर्व गार्ड और गिरिडीह पुलिस की तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे।