चरगो गांव में एक ही रात चार घरों में चोरी, 1.72 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ

चरगो गांव में एक ही रात चार घरों में चोरी, 1.72 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ

महिलाओं को कमरे में बाहर से बंद कर वारदात को दिया अंजाम

डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चौंगाखार पंचायत अंतर्गत चरगो गांव में एक ही रात चार घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत है। अज्ञात चोरों ने घरों का ताला और सिकड़ी तोड़कर नगदी, सोना-चांदी के जेवरात समेत कांसा-पीतल के बर्तन पर हाथ साफ कर दिया। चारों घरों से कुल 1 लाख 72 हजार रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। घटना को लेकर चारों पीड़ित गृहस्वामियों ने भरकट्टा ओपी में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ितों बसंती देवी, रीता देवी, मीना देवी और उषा देवी ने संयुक्त रूप से दिए आवेदन में बताया कि बीते 4 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोरों ने उनके घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों का ताला और सिकड़ी तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान 22 हजार रुपये नकद के अलावा सोना-चांदी के आभूषण और कांसा-पीतल के बर्तन चोरी कर लिए गए।

बताया जाता है कि जिन चार घरों में चोरी हुई, वहां पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। परिवार के पुरुष सदस्य मजदूरी के सिलसिले में महानगरों में रहते हैं और घरों में केवल महिलाएं थीं। आरोप है कि चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया और महिलाओं को कमरों में बाहर से बंद कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इधर, पीड़ितों के आवेदन पर भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ओपी प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top