स्वनिधि समृद्धि महोत्सव में सम्मानित हुए नियमित किस्त चुकाने वाले पथ विक्रेता

स्वनिधि समृद्धि महोत्सव में सम्मानित हुए नियमित किस्त चुकाने वाले पथ विक्रेता

डीजे न्यूज, धनबाद : पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को धनबाद नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या 21 के बरटांड़ बस स्टैंड के समीप फूड बॉक्स परिसर में स्वनिधि समृद्धि महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नियमित रूप से ऋण की किस्तों का भुगतान करने वाले पथ विक्रेताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद उर्मिला मंडल, सहायक नगर आयुक्त शिखा कुमारी, नगर प्रबंधक, सहायक हरीश पांडेय, सामुदायिक संगठक, सामुदायिक संसाधन सेवी तथा योजना के लाभुक पथ विक्रेता शामिल हुए।

मौके पर पथ विक्रेताओं को योजना के प्रावधानों, ऋण की उपलब्धता, समय पर किस्त भुगतान के फायदे और ‘स्वनिधि से समृद्धि’ के उद्देश्य की जानकारी दी गई। बताया गया कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत पथ विक्रेताओं को बिना किसी जमानत के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।

योजना के पुनर्गठन के बाद ऋण की राशि तीन चरणों में निर्धारित की गई है। पहले चरण में 15 हजार रुपये, दूसरे चरण में 25 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है। पूर्व के ऋण का समय पर भुगतान करने वाले लाभार्थी अगले चरण के ऋण के पात्र होते हैं। नियमित भुगतान करने पर सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज सब्सिडी का भी प्रावधान है।

कार्यक्रम में डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के लिए कैशबैक सुविधा तथा दूसरे चरण का ऋण सफलतापूर्वक चुकाने वाले पात्र लाभार्थियों को यूपीआई से जुड़ा रुपे क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना की ऋण वितरण अवधि 31 मार्च 2030 तक विस्तारित की गई है।

इसके अलावा ‘स्वनिधि से समृद्धि’ घटक के तहत पथ विक्रेताओं और उनके परिवार के सदस्यों को आठ प्रमुख सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की जानकारी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। इसके माध्यम से लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर नियमित रूप से ऋण की किस्तें चुकाने वाले पथ विक्रेताओं को सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा करते हुए बताया कि योजना से उन्हें व्यवसाय आगे बढ़ाने में मदद मिली है। बैंक प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए नगर निगम और बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय से अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ने पर बल दिया गया।

कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान और ऋण के सदुपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ पथ विक्रेताओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top