आइआइटी -आइएसएम के विशेषज्ञों ने छाताबाद में भू-धंसान स्थल की शुरू किया सर्वे
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद और उसके आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में हुई लगातार भू-धंसान की घटनाओं के मद्देनजर प्रबंधन ने ठोस कदम उठाते हुए आईआईटी (ISM) धनबाद के विशेषज्ञों से सर्वे कार्य शुरू कराया है। गुरुवार को 10 सदस्यीय विशेष विशेषज्ञों की टीम ने छाताबाद, कैलूडीह, काजूबगान, छाताबाद 10 नंबर और ईस्ट कतरास समेत कई प्रभावित व संभावित क्षेत्रों का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान टीम ने अत्याधुनिक यंत्रों की मदद से जमीन के लेवल की माप की और भू-धंसान तथा जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का आकलन किया। सर्वे के दौरान विशेषज्ञों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर इलाके की जमीनी स्थिति और पुरानी घटनाओं की विस्तृत जानकारी जुटाई।
मालूम हो कि बीते 7 जुलाई और 7 अगस्त को छाताबाद तथा उसके बाद कैलूडीह के काजूबगान में हुई भू-धंसान की घटनाओं के बाद से स्थानीय रहवासियों के बीच दहशत और असमंजस का माहौल बना हुआ है। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक सप्ताह पूर्व न्यू आकाशकिनारी कोलियरी प्रबंधन द्वारा छाताबाद भू-धंसान स्थल पर ट्रेंच कटिंग कराने के बाद खाली जगहों की भराई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। विशेषज्ञ बिलोरी के नेतृत्व में पहुंचे इस 10 सदस्यीय दल में संतोष राय, प्रकाश झा और सुनील कुमार सहनी समेत अन्य तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं। इस उच्चस्तरीय सर्वे और वैज्ञानिक जांच से उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में बार-बार हो रही धंसान की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकेगा और स्थानीय लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल पाएगा।