छठ व्रतियों की सुविधा के लिए लच्छो अहरी घाट का संवरने लगा स्वरूप

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए लच्छो अहरी घाट का संवरने लगा स्वरूप

डीजे न्यूज, पचंबा, गिरिडीह: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तेलोडीह पंचायत में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे पूरी श्रद्धा एवं सुविधा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें, इसे लेकर तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम लगातार छठ घाटों की व्यवस्था को दुरुस्त कराने में जुटे

इसी क्रम में गुरुवार को मुखिया शब्बीर आलम ग्राम लोहपिट्टी स्थित लच्छो अहरी छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर छठ घाट का निरीक्षण किया तथा जेसीबी मशीन के माध्यम से साफ-सफाई, रास्तों की मरम्मत और घाट के सुंदरीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से घाट तक आने-जाने वाले रास्तों का जायजा लिया, ताकि छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान कई वार्ड सदस्य, ग्रामीण बुद्धिजीवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं युवा वर्ग के लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर घाट को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर आवश्यक पहल की। मुखिया ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए साफ-सफाई के कार्य को समय पर पूरा करने और छठ पूजा से पहले घाट को पूरी तरह तैयार करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और श्रद्धा का महान पर्व है। लोहपिट्टी के लच्छो अहरी छठ घाट पर पंचायत के स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे गांवों से भी बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यह हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें घाट तक पहुंचने, पूजा-अर्चना करने और अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से रास्तों को साफ और सुगम बनाने के साथ-साथ घाट की साफ-सफाई एवं सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

अंत में मुखिया शब्बीर आलम ने पंचायतवासियों सहित क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे, स्वच्छता और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक छठ महापर्व मनाने की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top