हथियारों के बल पर यूको बैंक में दिनदहाड़े लूट, 10 लाख से अधिक की रकम ले उड़े अपराधी
धनवार में चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने बैंक को बनाया निशाना, एसपी डॉ. बिमल कुमार ने की घटना की पुष्टि, पुलिस छापेमारी में जुटी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के धनवार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए यूको बैंक में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चार से पांच की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में धावा बोलकर करीब 10 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की पुष्टि करते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि बैंक से लूटी गई रकम का सही आंकड़ा कैश मिलान और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने आशंका जताई कि लूट की रकम 10 लाख रुपये से अधिक भी हो सकती है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को खंगालने में जुटी है।
बैंक जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली वित्तीय संस्था में हथियारबंद अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम देना जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान, उनके भागने के रास्ते और लूटी गई रकम की बरामदगी बड़ी चुनौती है।