महिलाओं को कमरे में बंद कर चोरों ने चार घरों में किया हाथ साफ
दो लाख के जेवरात व बर्तन चोरी
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चरगो गांव में बुधवार की आधी रात चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग आंगनों के चार घरों में ताला और दरवाजे की सिकड़ी-कुंडी तोड़कर नकदी, सोना-चांदी के जेवरात और कांसा-पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जाता है कि बालेश्वर प्रसाद वर्मा, फुलेंद्र प्रसाद वर्मा और फुलेश्वर प्रसाद वर्मा एक ही आंगन में अलग-अलग घरों में रहते हैं। वहीं, बलराम प्रसाद वर्मा के घर में भी चोरों ने हाथ साफ किया। खास बात यह है कि चारों घरों के पुरुष सदस्य मजदूरी करने सूरत गए हुए हैं। घरों में केवल महिलाएं और बच्चे ही रह रहे थे।
पीड़ित बालेश्वर प्रसाद वर्मा की पत्नी बसंती देवी ने बताया कि घटना के समय वह अपने बच्चे के साथ कमरे में सो रही थीं और मोबाइल पर पति से बात कर रही थीं। इसी दौरान बाहर से कमरे की सिकड़ी लगाने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने आवाज लगाकर पूछा कि कौन सिकड़ी लगा रहा है, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने पति को फोन पर इसकी जानकारी दी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर दोबारा पति को बताया।
इसके बाद उनके पति ने सूरत से ही पंचायत समिति सदस्य सुलेखा देवी के पति रामप्रसाद वर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी। रामप्रसाद वर्मा ने गांव के लोगों को जगाया और रात में ही पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। लोगों ने महिलाओं के कमरे का दरवाजा खोला। इसके बाद दूसरे कमरों में जांच करने पर ताला और सिकड़ी टूटी मिली तथा सामान बिखरा पड़ा था। तब चोरी की जानकारी हुई।
रामप्रसाद वर्मा ने बताया कि चोरों ने बड़ी चालाकी से महिलाओं को कमरे में बंद कर दूसरे कमरों में रखे जेवरात और बर्तन चोरी किए। महिलाओं ने बाहर कुछ आहट सुनने की बात कही, लेकिन अंधेरा और डर होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सकीं।
घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह भरकट्टा ओपी प्रभारी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से पूछताछ करने के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी ली। ओपी प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों का आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।