टुंडी में जेएलकेएम संगठन के पुनर्गठन की कवायद तेज

टुंडी में जेएलकेएम संगठन के पुनर्गठन की कवायद तेज

प्रखंड कमेटी के विभिन्न पदों के लिए कार्यकर्ताओं ने सौंपे आवेदन

जिला अध्यक्ष शक्तिनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक, केंद्रीय कमेटी जल्द जारी करेगी नई प्रखंड कमेटी की सूची

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) धनबाद जिला इकाई की ओर से बुधवार को टुंडी प्रखंड के डाक बंगला परिसर में संगठन के पुनर्गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष शक्तिनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रखंड स्तर पर संगठन को नए सिरे से गठित करने और विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां तय करने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता दिखी। प्रखंड कमेटी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपने आवेदन जमा किए।

बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय सचिव कनक कुमार गुप्ता, केंद्रीय संयुक्त महासचिव रविकांत मंडल, जिलाध्यक्ष (महिला मोर्चा) भारती महतो, जिला उपाध्यक्ष सोनू कुमार महतो, जिला कोषाध्यक्ष पप्पू लाल, प्रवक्ता गोपी कुमार एवं मुकेश कुमार दास समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

इस दौरान प्रखंड कमेटी के पुनर्गठन को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। विभिन्न पदों के लिए आवेदन जमा किए जाने के बाद अब केंद्रीय कमेटी के निर्णय पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

केंद्रीय संयुक्त महासचिव रविकांत मंडल ने बताया कि प्रखंड कमेटी के पुनर्गठन को लेकर कई कार्यकर्ताओं ने बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए विभिन्न पदों के लिए आवेदन जमा किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की केंद्रीय कमेटी सभी आवेदनों पर विचार कर निर्णय लेगी। इसके बाद जल्द ही नई प्रखंड कमेटी की सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैठक को संगठनात्मक विस्तार और प्रखंड स्तर पर नई कमेटी के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top