सफाईकर्मियों ने किया श्रम भवन का घेराव

सफाईकर्मियों ने किया श्रम भवन का घेराव

डीजे न्यूज, रांची: रांची नगर निगम के सफाईकर्मियों, सहायकों, ड्राइवरों एवं खलासियों ने बुधवार को झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन (CITU) के बैनर तले अपनी लंबित मांगों के कार्यान्वयन को लेकर श्रम भवन का घेराव किया। बड़ी संख्या में जुटे मजदूरों ने नगर निगम प्रबंधन और श्रम विभाग की लगातार उदासीनता के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

विदित हो कि मजदूरों की मांगों को लेकर पूर्व में नगर निगम प्रबंधन के साथ समझौता हुआ था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद समझौते में दर्ज कई महत्वपूर्ण मांगों का कार्यान्वयन नहीं किया गया है। इस संबंध में श्रम विभाग के स्तर पर भी कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

घेराव के दौरान यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल श्रम आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर श्रम आयुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मजदूरों की लंबित मांगों और पूर्व में हुए समझौते के कार्यान्वयन में हो रही देरी को विस्तार से रखा। अपर श्रम आयुक्त ने मांगों की वैधानिकता को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि श्रम आयुक्त कार्यालय की ओर से अगले 10 दिनों के भीतर एक त्रिपक्षीय बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य पूर्व में स्वीकृत एवं समझौते में दर्ज मांगों के लंबित कार्यान्वयन को सुनिश्चित करना होगा, न कि उन मांगों पर दोबारा बातचीत या मोलभाव करना।

यूनियन ने स्पष्ट किया कि मजदूर अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। यदि 10 दिनों के भीतर त्रिपक्षीय बैठक नहीं बुलाई जाती है और मांगों के कार्यान्वयन की दिशा में ठोस पहल नहीं होती है, तो यूनियन मजदूरों को संगठित कर आगे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
मौके पर यूनियन के नेता भवन सिंह, प्रकाश टोप्पो, एसके राय, मंगरी सोय, सुजिता, प्रतीक मिश्रा, प्रफुल्ल लिंडा, सुखनाथ लोहरा, बीरेंद्र कुमार, सुजीत लकड़ा, सीताराम मुंडा, महेंद्र कुमार सहित अन्य थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top