बाड़ामुड़ी खटाल के मुद्दे पर धनबाद पहुंचे सांसद पप्पू यादव, धनबाद से रांची तक पैदल मार्च करने की घोषणा की
केंद्र सरकार को घेरा, कहा-केंद्र सरकार की रॉयल्टी का उचित हक झारखंड को नहीं मिल रहा
सांसद बोले- झारखंड में किसी के साथ कुछ गलत होगा तो बिहार को तकलीफ होगी
डीजे न्यूज, धनबाद: बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि झारखंड में किसी के साथ कुछ गलत होगा तो बिहार को तकलीफ होगी। तमाम राजनीतिक उठापटक के बावजूद बुधवार को सांसद पप्पू यादव धनबाद पहुंचे। उन्होंने बाड़ामुड़ी खटाल हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया। साथ ही सभी से अपील किया कि पार्टी और दल से ऊपर उठकर खटाल वालों का सपोर्ट करें। सांसद ने कहा कि वह सांसद ढुलू महतो और विधायक जयराम महतो से भी अपील करेंगे कि लड़ाई में साथ दें।
उन्होंने कहा कि खटाल चलाने वालों को किसी भी कीमत पर उनके आशियाने से बेदखल नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो वह धनबाद से रांची तक पैदल मार्च करेंगें। बता दें कि बारामुड़ी खटाल हटाने के लिए धनबाद जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू की गई है। इसका विरोध हो रहा है। इसी विरोध के कार्यक्रम में शामिल होने पप्पू यादव धनबाद पहुंचे थे। उन्होंने साफ किया कि खटाल हटाने की कार्रवाई उनकी लाश पर ही हो सकती है। उन्होंने कहा कि खटाल संचालकों का मुद्दा केवल जमीन से नहीं, बल्कि उनकी संस्कृति और रोजगार से भी जुड़ा है। पप्पू यादव ने कहा कि बारामुड़ी खटाल के मामले में उनकी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस मामले में पहल करने का भरोसा दिया है।
उन्होंने कहा कि खटाल के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। बारामुड़ी के खटाल में केवल यादव समुदाय के लोग ही नहीं रहते है, बल्कि आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय के परिवार भी इससे जुड़े हुए हैं। इसलिए मामला किसी एक समुदाय या वर्ग का नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया और कहा कि केंद्र सरकार की रॉयल्टी का उचित हक झारखंड को नहीं मिल रहा है। पप्पू यादव ने कहा कि खटाल मामले में भाजपा झूठ बोल रही है। शिबू सोरेन की पहल पर खटाल के लोगों को राज्य भर में न्याय मिला था। बीजेपी की गिद्ध दृष्टि छत्तीसगढ़, ओडिशा की तरह झारखंड पर भी है, लेकिन हेमंत सोरेन के आगे भाजपा की दाल नहीं गलेगी।