मारांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन को लेकर मधुबन तैयार

मारांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन को लेकर मधुबन तैयार

सीएम के आगमन में जिला प्रशासन अलर्ट 

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन में आयोजित होने वाले मारांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। धार्मिक आस्था, आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के इस बड़े आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मधुबन में जोर-शोर से तैयारी चल रही है। मधुबन थाना मैदान में विशाल पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, पूरे इलाके में साफ-सफाई, सजावट और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा ह

महासम्मेलन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। डीसी, एसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी, बीडीओ और सीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कार्यक्रम स्थल पर जरूरी सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

**दो माह से मधुबन में डटे हैं फागू बेसरा**

महासम्मेलन की सफलता के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ आयोजन समिति के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के प्रमुख नेतृत्वकर्ता फागू बेसरा पिछले दो माह से मधुबन में कैंप कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वे विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से आने वाले प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा आयोजन समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।

**बोंगा बुरु के उद्घाटन से होगी कार्यक्रम की शुरुआत**

बुधवार सुबह 10:30 बजे महासम्मेलन के कार्यक्रमों की शुरुआत फागू बेसरा द्वारा बोंगा बुरु के उद्घाटन के साथ होगी। इसके बाद सभा स्थल पर धार्मिक चर्चा सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मधुबन पहुंचकर धार्मिक सभा में शामिल होंगे और सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

**पोस्टर-बैनर और झंडों से सजा मधुबन**

महासम्मेलन को लेकर मधुबन और आसपास की सड़कें पोस्टर, बैनर और झंडों से पट गई हैं। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए आयोजन समिति और प्रशासन आवागमन से लेकर अन्य बुनियादी सुविधाओं तक की व्यवस्था में जुटे हैं। महासम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए मधुबन में उत्साह का माहौल है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top