नवंबर तक गिरिडीह के सभी गांव बनेंगे मॉडल ग्राम, स्वच्छता मिशन की समीक्षा में अधिकारियों को सख्त निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के सभी गांवों को नवंबर माह तक स्वच्छता के मानकों पर खरा उतारते हुए मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसको लेकर मंगलवार को परिसदन सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) चरण-2 की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मिशन निदेशक रंजीता हेंब्रम की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मिशन निदेशक ने पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से निर्मित स्वच्छता संबंधी संरचनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि और जियो-टैगिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिशन के तहत निर्मित सभी स्वच्छता संरचनाएं क्रियाशील रहनी चाहिए और उनके नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
**स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को करें जागरूक**
मिशन निदेशक ने गांवों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, दीवार लेखन और चित्रांकन कराने पर जोर दिया। उन्होंने योजनाओं के लिए उपलब्ध राशि और अब तक हुए खर्च की समीक्षा करते हुए शेष राशि का निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समय पर उपयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही सहायक अभियंताओं और कनीय अभियंताओं को योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
**शौचालय से लेकर कचरा प्रबंधन तक की हुई समीक्षा**
बैठक में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय, गोवर्धन योजना, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की प्रगति की समीक्षा की गई। मिशन निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ योजनाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
इस दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने बताया कि जिले में मनरेगा एवं पंचायती राज विभाग के माध्यम से ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित आधारभूत संरचनाओं का निर्माण लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक, यूनिसेफ के सहयोगी, क्षेत्रीय परामर्शी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।