आशियाना बचाओ आंदोलन की सफलता को किया जनसंपर्क
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त कार्यालय के समीप आशियाना बचाओ आंदोलन के तहत आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन एवं जनसभा की सफलता को लेकर संयुक्त मोर्चा ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इसी क्रम में एससी-एसटी-ओबीसी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल यादव, कांग्रेस नेता बबलू दास एवं युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष तबरेज खान सहित अन्य साथियों ने पांडरपाला, खटाल एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और 4 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में उपायुक्त कार्यालय के समीप प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार गरीब एवं मेहनतकश परिवारों के आशियाने उजाड़ने का काम कर रहा है। विशेष रूप से गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बड़े उद्योगपतियों और रसूखदार घरानों द्वारा जिन जमीनों पर कब्जा किए जाने के आरोप हैं, उन मामलों में प्रशासन की कार्रवाई उतनी सक्रिय दिखाई नहीं देती। प्रशासन की इस कथित दोहरी नीति के खिलाफ संयुक्त मोर्चा आवाज बुलंद करेगा।
वक्ताओं ने कहा कि गरीबों के आशियाने और उनके सम्मानजनक जीवन की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी परिवार को बेघर करने से पहले उसके पुनर्वास और मानवीय अधिकारों का ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों में आंदोलन को लेकर उत्साह देखा गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे और 4 नवंबर के कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
संयुक्त मोर्चा ने धनबाद के तमाम राजनीतिक, सामाजिक संगठनों, युवाओं, मजदूरों, किसानों एवं न्यायप्रिय नागरिकों से 4 नवंबर को आयोजित आशियाना बचाओ आंदोलन में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की।