अतिक्रमण पर जिला प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्रवाई, मनईटांड़ में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास विफल

अतिक्रमण पर जिला प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्रवाई, मनईटांड़ में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास विफल

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के कड़े निर्देशानुसार जिले में सरकारी भूमियों को अतिक्रमण मुक्त रखने के अभियान के तहत प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत मनईटांड़ में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने के प्रयास को पुलिस तथा प्रशासन के द्वारा विफल कर दिया गया।

रविवार रात असामाजिक तत्वों द्वारा सीमेंटेड शीट की बाउंड्री वॉल खड़ी कर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा था (जिसमें गणेश यादव नामक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है)। प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर तुरंत निर्माण को हटवाया और स्थल से एक स्कूटी जब्त की है, जिस पर एफआईआर करने की प्रक्रिया की जा रही है।

उपायुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश के आलोक में सदर अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार तथा धनसार थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत अंचल अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र की सरकारी जमीन की अविलंब मापी कराई जाएगी ताकि स्पष्ट सीमांकन कर आवश्यक सरकारी योजनाओं का निर्माण कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को चिह्नित कर अतिक्रमण वाद के तहत नोटिस जारी किया जाएगा और भूमि को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

उपायुक्त आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि पूरे जिले में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी जमीन पर काबिज लोग स्वतः अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन तथा पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top