राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में गिरिडीह के राजवीर ने मारी बाजी, झारखंड के खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा

राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में गिरिडीह के राजवीर ने मारी बाजी, झारखंड के खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा

चार दिवसीय प्रतियोगिता का भव्य समापन, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-15 एवं अंडर-17 बैडमिंटन चैंपियनशिप सह चयन ट्रायल रविवार को भव्य समापन हुआ। 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अनुशासन, कौशल और खेल भावना की मिसाल पेश की।

समापन समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान गिरिडीह की महापौर, उपमहापौर, वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ), झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता में गिरिडीह के राजवीर का शानदार प्रदर्शन

अंडर-15 बालक एकल मुकाबले में गिरिडीह के डी. राजवीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। गोड्डा के प्रिंस कुमार उपविजेता रहे, जबकि लोहरदगा के अभिजीत उरांव को तीसरा स्थान मिला। वहीं अंडर-17 बालक एकल में रांची के संवित रमेश विजेता और अनिकेत सिंह उपविजेता बने। गिरिडीह के डी. राजवीर ने इस वर्ग में भी तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ी

अंडर-15 बालिका एकल में धनबाद की काव्या किरण विजेता, देवघर की लाडली रोज उपविजेता और गुमला की आहाना तिग्गा तीसरे स्थान पर रहीं। बालक युगल में बोकारो के सुरदीप कुमार और लोहरदगा के वीर प्रताप पांडेय की जोड़ी विजेता बनी। बालिका युगल में गुमला की आहाना तिग्गा और देवघर की लाडली रोज ने खिताब जीता। मिश्रित युगल में बोकारो के सुरदीप कुमार और धनबाद की काव्या किरण की जोड़ी विजेता रही।

अंडर-17 बालिका एकल में लातेहार की अनु सृष्टि उरांव ने पहला स्थान हासिल किया। पूर्वी सिंहभूम की अनुष्का कच्छप उपविजेता और रांची की आशिता तीसरे स्थान पर रहीं। बालक युगल में रांची के अनिकेत सिंह और श्रीराम रतन की जोड़ी विजेता बनी। बालिका युगल में अनु सृष्टि उरांव और अनुष्का कच्छप की जोड़ी ने बाजी मारी। वहीं मिश्रित युगल में रांची के मोहम्मद मुजाहिद राजा और पूर्वी सिंहभूम की अनुष्का कच्छप विजेता बने।

आयोजन की सफलता पर संघ ने जताया आभार

समापन समारोह में गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव, कार्यकारी उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष डॉ. सैलेंद्र कुमार चौधरी और सुनील मोदी, सचिव नागेंद्र कुमार समेत संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। प्रशिक्षक मुकेश कुमार, रोशन और ट्विंकल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, बच्चे और खेलप्रेमियों ने भी आयोजन में भागीदारी निभाई।

संघ ने प्रतियोगिता की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मुख्य प्रायोजक अमरजीत सिंह सलूजा और सह-प्रायोजक डॉ. सैलेंद्र कुमार चौधरी के प्रति विशेष आभार जताया। साथ ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से गिरिडीह को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और झारखंड की उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्राप्त होगा। भविष्य में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संघ प्रयासरत रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top