छोटे शहरों के बच्चे भी बन सकते हैं बड़े सितारे : चंकी पांडेय

छोटे शहरों के बच्चे भी बन सकते हैं बड़े सितारे : चंकी पांडेय

धनबाद के 12 हजार बच्चों ने कराया टैलेंट सर्च फाउंडेशन में पंजीकरण, बॉलीवुड अभिनेता ने बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला

डीजे न्यूज, गोविंदपुर,धनबाद : बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडेय ने रविवार की रात अपने फिल्मी गीतों और चुटीले अंदाज से राजविलास, कौआबांध में आयोजित समारोह में चार चांद लगा दिए। उनके लोकप्रिय गीतों पर बच्चे, युवा और अभिभावक खूब झूमे। इस दौरान उन्होंने धनबाद की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कोल कैपिटल में कई डायमंड छिपे हैं, जिन्हें तराशने की जरूरत है। यहां के बच्चों में अपार संभावनाएं हैं। वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।

चंकी पांडेय ऑल इंडिया टैलेंट सर्च फाउंडेशन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बच्चों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों से ही बड़े सितारे निकलते हैं। जरूरत सिर्फ प्रतिभाओं को उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। धनबाद के बच्चे भी अपनी प्रतिभा के दम पर देश-दुनिया में पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन कोलकाता हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व न्यायिक सदस्य प्रदीप कुमार दास, अभिनेता चंकी पांडेय और संस्था के संस्थापक मनोज कुमार पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। संस्थापक मनोज कुमार पाठक ने बताया कि फाउंडेशन के माध्यम से अब तक जिले के 12 हजार बच्चों का पंजीकरण किया जा चुका है। जिला शिक्षा विभाग के परामर्श से प्रतिभा खोज अभियान जारी रहेगा। चयनित बच्चों को मंच देने के साथ प्रोफेशनल प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर नृत्य प्रतियोगिता के पांच और चित्रकला के तीन चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। गायन प्रतियोगिता में शिवम दास अव्वल रहे। मेहंदी कला के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल में संजय चटर्जी और शशि चंद्रा शामिल थे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में रिशिका रविदास, आरोही घोष, अनिता पोद्दार, तृयाशा मजूमदार और सुरयंका मुखर्जी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। संजय चटर्जी, जमशेदपुर की उभरती गायिका दलजीत कौर, विशाल कुमार पांडेय और शिवम दास की गायकी को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं चंकी पांडेय ने ‘खो गया ये जहां’, ‘मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना’ और ‘तूतक तूतक तूतिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम का संचालन संजय मिश्रा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मीतू सिन्हा, श्रेया पाठक, इशिता मुखर्जी, त्रिशिता मुखर्जी, जमा परवीन, पुरनेंदु शुक्ला, अनुब्रत, बीरेंद्र तिवारी, विजय दुबे और राजदेव शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। धन्यवाद ज्ञापन मुकुंद पाठक ने किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top