अवैध कोयला खनन के खिलाफ गुहीबांध में ग्रामीणों की बैठक, आशियाना उजाड़ने का नोटिस वापस लेने की उठी मांग

अवैध कोयला खनन के खिलाफ गुहीबांध में ग्रामीणों की बैठक, आशियाना उजाड़ने का नोटिस वापस लेने की उठी मांग
​
​
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
कतरास कोयलांचल में अवैध खनन, पिलर कटाई से बने भूमिगत खोखलेपन और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ गुहीबांध में रविवार को ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता कोयलांचल बचाओ समिति के प्रमुख व पूर्व पार्षद विनोद गोस्वामी ने की।
​वक्ताओं ने कहा कि बीते दिनों समिति द्वारा एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन कर कतरास थाना के माध्यम से उपायुक्त (DC) को विस्तृत मांग-पत्र सौंपा गया था। लेकिन इतने दिन बीतने के बाद भी प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन ने कोई ठोस पहल नहीं की। इस उपेक्षा से ग्रामीणों में जबरदस्त रोष व्याप्त है।
​विनोद गोस्वामी ने तकनीकी मुद्दों पर बोलते हुए कहा कि पिलर कटाई से जमीन के नीचे भारी खोखलापन (Void) बन चुका है। बीसीसीएल और डीजीएमएस तत्काल आधुनिक वैज्ञानिक जांच (GPR व बोरहोल मैपिंग) कराकर सार्वजनिक करे कि जमीन किस गहराई तक और कहाँ-कहाँ खोखली हो चुकी है। साथ ही, जब तक इन खोखले हिस्सों में स्लरी पाइपलाइन से बालू भराई (Sand Stowing) नहीं कराई जाएगी, तब तक ऊपर से मुहाना ढकने का कोई औचित्य नहीं है।
​उन्होंने कलाली फाटक पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (पुल) की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि डीजीएमएस और आइआइटी-आइएसएम द्वारा की गई सुरक्षा जांच रिपोर्ट को अविलंब सार्वजनिक किया जाए। यदि रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई, तो ग्रामीण मौके पर जाकर पुल निर्माण कार्य को रोकेंगे और धरना देंगे। वहीं सेलेक्टर क्षेत्र में धंसान के नाम पर ग्रामीणों को घर खाली करने का दिया गया नोटिस तुरंत निरस्त होना चाहिए।
​वक्ताओं ने कहा कि कतरास बाजार, गोविंदपुर, कलाली फाटक, गुहीबांध, केशलपुर, पंचगढ़ी बाजार, रानी बाजार, लिटिल धौड़ा, छाताबाद, सिजुआ और अंगारपथरा जैसी घनी बस्तियों के अलावा डीसी रेल लाइन के नीचे भी अवैध कटाई जारी है। अवैध खनन का विरोध करने पर ग्रामीणों पर हवाई फायरिंग की गई, लेकिन पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की।
​स्थानीय लोगों ने ऐलान किया कि सोमवार को बीसीसीएल के एरिया 3 और एरिया 4 के जीएम को मांग-पत्र सौंपा जाएगा। यदि 72 घंटे के भीतर छाताबाद, केशलपुर ,सेलेक्टर, छाताबाद के मुहानों की डोजरिंग शुरू नहीं हुई, बालू भराई की ठोस पहल के साथ अवैध कोयला खनन पर रोक नहीं हुई और रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई, तो जनता के साथ मिलकर बीसीसीएल का पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा।
​बैठक में मुख्य रूप से अनुज सिंह, शैलेंद्र सिंह, शौकत खान, मांगनी सिंह, पप्पू सिंह, निजाम अंसारी, शमशेर आलम, नवाब शेख, अमृत चौहान, रोहित शर्मा, रणजीत कुमार, लड्‌डू सिंह, महफूज अंसारी, सुमित कुमार, गुड्डू अंसारी, किशन शर्मा, असित सिंह, कन्हैया चौहान, महताब आलम बैलून रवानी किशन पंडित सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top