घुटनों के दर्द से बचने के लिए एक्सरसाइज करें और जब चलने में असमर्थ हो जाए तब घुटना प्रत्यारोपण कराएं : डॉ रमेश सेन
दो दिवसीय पांचवी धनबाद ऑर्थोपेडिक सर्जन कॉन्फ्रेंस 2026 गोविंदपुर में शुरू
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : देश के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं ऑल इंडिया ऑर्थोपेडिक सर्जन एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ रमेश सेन ने कहा कि पेल्विस और हिप फैक्चर का इलाज अब देश में आसान हो गया है। आज से 30 वर्ष पूर्व इस फैक्चर को लाइलाज कहा जाता था और चिकित्सा इसका ऑपरेशन करने से डरते थे परंतु आधुनिक चिकित्सा पद्धति में अब यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले चिकित्सकों को इसका नॉलेज नहीं था और इसकी सर्जरी का जहमत वह नहीं उठा पाए थे। वह शनिवार को दो दिवसीय पांचवी धनबाद ऑर्थोपेडिक सर्जन कॉन्फ्रेंस 2026 को होटल वेडलॉक ग्रीन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा दुर्घटना में यदि किसी का पेल्विस और हिप क्षतिग्रस्त हो जाता है तो भारी रक्तस्राव होता है और घायल की मौत हो जाती है। इससे बचने के लिए उक्त स्थान पर बेडशीट को मोड़कर कड़ाई से बांध देना चाहिए। बेडशीट बाँधने से रक्तस्राव रुक जाता है और मरते हुए व्यक्ति की जान बच सकती है। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और घर में गिरकर भी व्यक्ति का पेल्विस और हिप फैक्चर हो जाता है। हड्डी मजबूत रखने के लिए दूध, फल और सब्जियां का ज्यादा सेवन करना चाहिए। लोगों को नियमित रूप से एक्सरसाइज भी करना चाहिए । उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ स्वास्थ्य पर ध्यान रखना चाहिए। घुटनों का दर्द आज आम समस्या हो गई है। घुटनों के दर्द से बचने के लिए एक्सरसाइज करना चाहिए और जब चलने में असमर्थ हो जाए तब घुटना प्रत्यारोपण कराना चाहिए। डॉ सेन ने कहा कि देश और विदेश में घूम-घूम कर हड्डी रोग विशेषज्ञों को नई तकनीक की जानकारी देना, उनकी दिनचर्या है। इसी क्रम में धनबाद आर्थोपेडिक सर्जन के पांचवें सम्मेलन में भाग लेने वह धनबाद आए हैं । ऑर्थोपेडिक क्लब धनबाद के अध्यक्ष डॉ संजय चौधरी ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन चिकित्सकों के लिए मिल का पत्थर साबित होगा। सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ धीरज चौधरी ने क्लब की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के सहसंयोजक डॉ कारणदीप संधू ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से चिकित्सकों को नई तकनीक की जानकारी होती है और इससे मरीजों को लाभ होता है । इस अवसर पर विभिन्न हड्डी रोग विशेषज्ञों ने अपने पेपर प्रस्तुत किये। डॉ सेन ने वीडियो के माध्यम से ऑपरेशन के तकनीक बताए। रविवार को वह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मुर्दों का ऑपरेशन कर चिकित्सकों को नई जानकारी देंगे। कार्यक्रम में डॉ नदीम फारुकी, डॉ राकेश अग्रवाल, डॉ मनीष राज, डॉ आनंद शंकर, डॉ आकाश, डॉ सागर कदम,डा सुनील हाजरा, डा प्रियंक बागथरिया, डॉ सुशील सिंह, डॉ शशांक कंचन, डॉ निर्मल कुमार, डॉ द्विवेदी कनक भूषण, डॉ आशीष बजाज, डॉ आनंद मोदी आदि ने अपने-अपने विचार रखे। दो दिवसीय आयोजन का समापन रविवार को होगा।